दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हैदराबाद से संचालित IPL सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 13 आरोपी गिरफ्तार, 5 करोड़ के ट्रांजेक्शन की जांच

addtext 05 18 11.44.40

भारत36नेशनल | दुर्ग | 18 मई 2026

आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुर्ग पुलिस की छावनी थाना एवं एसीसीयू टीम ने हैदराबाद में संचालित एक बड़े ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का खुलासा करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये नगद, लैपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है जिसकी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था और इसके लिए “म्यूल अकाउंट” का उपयोग किया जा रहा था। गिरोह के मास्टरमाइंड के रूप में कुरूद निवासी कुणाल वर्मा का नाम सामने आया है, जो पूरे पैनल का संचालन कर रहा था।

ऐसे हुआ खुलासा

दुर्ग पुलिस ने 16 मई 2026 को प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए चरौदा निवासी जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को विभिन्न बैंक खातों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे स्लम एरिया और अन्य जरूरतमंद लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद नए सिम कार्ड, पासबुक, एटीएम और चेकबुक इकट्ठा कर उन्हें कुरूद निवासी कुणाल वर्मा को प्रति खाते 25 हजार रुपये में बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि कुणाल वर्मा इन खातों और दस्तावेजों का उपयोग ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में आने वाली रकम के लेन-देन, डिपॉजिट और विड्रॉल के लिए करता था। वह स्वयं “Sat Sport Book” नाम से पैनल संचालित करता था।

हैदराबाद में चल रहा था पूरा नेटवर्क

पूछताछ के दौरान कुणाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे का संचालन किया जा रहा था। यहां स्थानीय युवकों को ले जाकर विभिन्न पैनल जैसे “H Lotas 13” और “CP 07 Crack Plus Book” के माध्यम से सट्टा खिलाया जा रहा था।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की है—

  • 09 लैपटॉप
  • 46 मोबाइल फोन
  • 23 बैंक पासबुक
  • 107 एटीएम कार्ड
  • लगभग 20 सिम कार्ड
  • 2 लाख 57 हजार रुपये नगद

इसके अलावा जांच में लगभग 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।

संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं

दुर्ग पुलिस ने मामले को संगठित अपराध मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि सिंडिकेट से जुड़े म्यूल अकाउंट संचालकों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सभी आरोपियों की संपत्ति का विवरण भी खंगाल रही है। साथ ही कुणाल वर्मा के ऊपर संचालित बड़े नेटवर्क और “ऊपरी चैनल” की भी जांच जारी है।

आईपीएल सीजन में 14वीं कार्रवाई

दुर्ग पुलिस के अनुसार, आईपीएल 2026 सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ यह 14वीं बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने यह भी बताया कि जिन खातों का उपयोग सट्टे में किया जा रहा था, उनसे जुड़े 63 साइबर शिकायतें भी दर्ज हैं।

मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विक्की कुमार साहू – दुर्ग
  2. अभिषेक भारती – भिलाई
  3. गुफरान खान – भोपाल
  4. राजकुमार पासवान – सुपेला
  5. तुकेश्वर साहू – भिलाई
  6. जेदखान – भोपाल
  7. के. श्रीनु – भिलाई
  8. शेख सद्दाम – भिलाई
  9. विकास राय – सुपेला
  10. विकास निषाद – भिलाई
  11. रोहित चौहान – सुपेला
  12. कुणाल वर्मा – कुरूद
  13. प्रतीक पटेल – वैशाली नगर

दर्ज अपराध

थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319, 317(2), 317(4), 111, 61(2) एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *