नौकरी दिलाने के नाम पर 4.50 लाख की ठगी, रायपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

addtext 06 29 07.55.57

रायपुर | Bharat36 National | 29 जून 2026

रायपुर पुलिस ने शासकीय मदिरा दुकानों में सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर बेरोजगार युवकों से कुल 4.50 लाख रुपये की ठगी की थी।

पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम लखुर्री निवासी शिवधन सागर ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सितंबर 2025 में उसके मोबाइल पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की शासकीय मदिरा दुकानों में भर्ती संबंधी संदेश आया। दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर योगेश साहू ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए रायपुर बुलाया।

रायपुर में आरोपी ने प्रार्थी और उसके परिचितों को सरकारी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रत्येक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपये की मांग की। पीड़ितों ने फोन-पे और नकद के माध्यम से कुल 3 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बढ़ाया भरोसा

आरोपी योगेश साहू ने पीड़ित के दो साथियों को जिला कोरबा की शासकीय विदेशी मदिरा दुकान के नाम से नियुक्ति पत्र भी दिए। बाद में जांच में ये नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। शिकायत करने पर आरोपी ने पैसे लौटाने या दूसरी जगह नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।

इसी दौरान उसने अपने साथी दिलीप यादव से मुलाकात कराई, जिसने खुद को एक निजी कंपनी का ऑपरेशन हेड बताते हुए जांजगीर-चांपा की मदिरा दुकान में नौकरी दिलाने का दावा किया। दिलीप यादव ने भी पीड़ित से 1.50 लाख रुपये अतिरिक्त वसूल लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही कोई नियुक्ति आदेश दिया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना खम्हारडीह पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने योगेश साहू और दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 203/26 के तहत धारा 318(4) एवं 336(3) बीएनएस में कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी

  • योगेश साहू (27 वर्ष), निवासी फूलवारी, थाना सुहेला, जिला बलौदा बाजार। वर्तमान पता – शिवानंद नगर, सेक्टर-03, थाना खमतराई, रायपुर।
  • दिलीप यादव (32 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, बीरगांव, थाना उरला, रायपुर।

Bharat36 National Appeal

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के राशि न दें। किसी भी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग की आधिकारिक जानकारी अवश्य जांच लें और संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

1002157140

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *