प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने बदली तस्वीर, देश में सर्वाधिक सोलर क्षमता वाले कनेक्शन स्थापित करने वाला जिला बना राजनांदगांव
रायपुर/राजनांदगांव, 12 जून 2026। छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव जिला आज स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देशभर के लिए मिसाल बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। राजनांदगांव देश में सर्वाधिक सोलर क्षमता वाले कनेक्शन स्थापित करने वाला जिला बन गया है, जिससे यह क्षेत्र सौर ऊर्जा क्रांति का अग्रदूत बनकर सामने आया है।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में अभूतपूर्व सफलता दर्ज की गई है। शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों में सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूकता और उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसका परिणाम यह है कि हजारों परिवार अब स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से बिजली उत्पादन कर रहे हैं और बिजली बिल में बड़ी बचत भी कर रहे हैं।
प्रशासनिक नेतृत्व और समन्वित प्रयासों का परिणाम
राजनांदगांव जिले की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे कलेक्टर जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की समन्वित कार्ययोजना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान, शिविरों का आयोजन तथा हितग्राहियों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे योजना को व्यापक जनसमर्थन मिला।
आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक कुल 6776 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 6381 हितग्राहियों ने सोलर वेंडर का चयन कर लिया है, जबकि 3255 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 2218 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान भी किया जा चुका है।
395 मेगावाट से अधिक सोलर क्षमता विकसित
राजनांदगांव जिले में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल हुई है, वह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
- 3255 घरेलू सोलर कनेक्शन के माध्यम से लगभग 9 मेगावाट क्षमता विकसित हुई है।
- 162 व्यावसायिक सोलर कनेक्शन के जरिए लगभग 3.40 मेगावाट क्षमता स्थापित की गई है।
- वहीं 31 बड़े पावर प्लांटों के माध्यम से 383 मेगावाट की विशाल क्षमता विकसित की गई है।
इस प्रकार जिले में कुल मिलाकर लगभग 395 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा क्षमता विकसित हो चुकी है, जो राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
ढाबा में देश का सबसे बड़ा सोलर कनेक्शन
राजनांदगांव की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक ढाबा क्षेत्र में स्थापित मेसर्स सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SECI) का विशाल सोलर प्रोजेक्ट है।
यहां 160 मेगावाट क्षमता वाला सोलर कनेक्शन स्थापित किया गया है, जिसे देश में अपनी तरह का सबसे बड़ा सोलर कनेक्शन माना जा रहा है। इस परियोजना ने न केवल जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मानित किए जा रहे हैं उत्कृष्ट हितग्राही
जिला प्रशासन द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अन्य नागरिकों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रशासन का मानना है कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का भी मजबूत आधार बन सकती है।
हरित ऊर्जा की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण
राजनांदगांव की यह उपलब्धि दर्शाती है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनसहभागिता मिलकर किस प्रकार बड़े बदलाव ला सकते हैं। आज यह जिला स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से राजनांदगांव ने यह साबित कर दिया है कि यदि तकनीक और जनभागीदारी का सही समन्वय हो, तो हर घर ऊर्जा उत्पादक बन सकता है और भारत को हरित ऊर्जा महाशक्ति बनाने का सपना साकार किया जा सकता है।
भारत36नेशनल “राष्ट्र की बात, जनता के साथ”

📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



