गरियाबंद | भारत36National | 23 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित ऐतिहासिक भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और लोकआस्था की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ का संदेश सभी को साथ लेकर चलने और लोककल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

विकास और जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार “विकसित छत्तीसगढ़” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। शासन की सभी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
बिजली बिल समाधान योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो पहले जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए तीन माह बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दिया गया है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए लगातार राहतकारी निर्णय ले रही है।
महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर माह सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आय में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
42 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण
सुशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चौबीसों घंटे कार्य कर रही है। शासन को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और वे स्वयं प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करते हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जो सरकार की जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन का प्रमाण है।
बाल्टीजोर नाले पर बनेगा पुल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पुल बनने से वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बच्चों के बीच रुके मुख्यमंत्री, की आत्मीय बातचीत
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय की गतिविधियों पर चर्चा की तथा उन्हें बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
बच्चों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार कार्यक्रम में मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा अमलीपदर
रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन, शंखध्वनि और भगवान जगन्नाथ के जयघोष से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भारत36National विश्लेषण
अमलीपदर की रथयात्रा ने एक बार फिर यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और लोकसंस्कृति की पहचान भी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा विकास योजनाओं, महिलाओं के सशक्तिकरण, जनसमस्याओं के समाधान और स्थानीय आधारभूत सुविधाओं की घोषणाओं ने इस धार्मिक आयोजन को जनकल्याण के संदेश के साथ जोड़ने का प्रयास किया।

📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



