बड़े सपने देखें, कड़ी मेहनत से उन्हें साकार करें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

addtext 08 14 12.48.18

सरगुजा के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे मेधावी विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने किया आत्मीय संवाद

रायपुर, 13 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में हमेशा बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान तय किया गया लक्ष्य और उसे हासिल करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा निर्धारित करता है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज शाम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर रहे थे। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों से आए लगभग 50 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों, अनुभवों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

1002362855

सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का अर्थ केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज के दौर में शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए आगे बढ़ने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर अलग-अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचाने, अपने लिए सही लक्ष्य निर्धारित करे और उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रतिभाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तित्वों के प्रेरक प्रसंग भी सुनाए।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर जीवन में कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेते हुए लगातार आगे बढ़ना चाहिए।

1002364049

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलें समान अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। राज्य में राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं, जिनसे प्रदेश के युवाओं को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबों और कक्षा की पढ़ाई से आगे निकलकर देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से समझने का अवसर देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों के मन में नई जिज्ञासा पैदा होती है और उनके सपनों को नया विस्तार मिलता है। ग्रामीण अंचलों के बच्चों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों से परिचित कराने की यह पहल उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगी।

विद्यार्थियों को दिया लक्ष्य और अनुशासन का संदेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने समय का सदुपयोग करें और पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपने विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल के छत्तीसगढ़ और भारत का नेतृत्व करेगा। इसलिए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच का विकास जरूरी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के संपूर्ण जीवन की नींव होता है। जिस प्रकार किसी मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव आवश्यक होती है, उसी प्रकार उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण दौर का उपयोग लक्ष्य पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण के लिए करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को स्पष्ट लक्ष्य में बदलने और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

इन विद्यालयों के विद्यार्थी हुए शैक्षणिक भ्रमण में शामिल

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

इस दौरान विद्यार्थियों को राजधानी रायपुर और नवा रायपुर के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन किया।

विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन की सुविधाओं, विभिन्न पाठ्यक्रमों और भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतिष्ठित संस्थानों को नजदीक से देखने और वहां की कार्यप्रणाली को समझने का अनुभव ग्रामीण क्षेत्र से आए विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उत्साहवर्धक रहा।

विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने वाली पहल

सरगुजा के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मेधावी विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण केवल संस्थानों के अवलोकन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य के अवसरों से परिचित कराने और उनमें आत्मविश्वास पैदा करने का माध्यम भी बना। मुख्यमंत्री के साथ संवाद ने विद्यार्थियों को अपने सपनों और लक्ष्यों के बारे में सोचने तथा उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, अपने लक्ष्य पर विश्वास रखें और मेहनत के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ते रहें।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Bharat36National | शिक्षा, युवा और छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर के लिए जुड़े रहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वतंत्रता दिवस 80वां वर्षगांठ शुभकामना