छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’, 10 श्रेणियों में होगा सम्मान

होटल, टूर ऑपरेटर से लेकर होमस्टे, इको-टूरिज्म, एडवेंचर पर्यटन और सोशल मीडिया तक उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा पुरस्कार; प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार और मेमेंटो

रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र की विभिन्न गतिविधियों से जुड़े उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 10 अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।

प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता का चयन किया जाएगा। विजेताओं को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि के साथ मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

पर्यटन की पूरी श्रृंखला को मिलेगा प्रोत्साहन

‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के जरिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों के विकास तक सीमित न रखते हुए इससे जुड़ी पूरी श्रृंखला को प्रोत्साहित करने की पहल की है।

होटल एवं रिसॉर्ट सेवाओं से लेकर टूर ऑपरेशन, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, डिजिटल कंटेंट, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम करने वालों को पुरस्कार के माध्यम से पहचान दी जाएगी।

पुरस्कार की 10 श्रेणियां

  1. सर्वश्रेष्ठ होटल
  2. सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
  3. सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
  4. सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
  5. CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
  6. CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
  7. सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
  8. सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
  9. सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
  10. सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड

होटल श्रेणी में सेवा, कारोबार और सतत पर्यटन पर जोर

सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में ऐसे पर्यटन उद्यम को सम्मानित किया जाएगा, जिसने राज्य के आतिथ्य क्षेत्र में बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

होटल के मूल्यांकन में MICE सुविधाएं, पिछले वित्तीय वर्ष का वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार और आयोजित कार्यक्रमों की संख्या जैसे मानकों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन में योगदान को भी महत्व दिया जाएगा।

पंजीकृत टूर ऑपरेटरों के प्रयासों का होगा मूल्यांकन

सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर का चयन पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार में किए गए प्रयासों के आधार पर होगा।

आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

इसके अलावा इटिनरेरी, प्रचार सामग्री, वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को भी अंक दिए जाएंगे।

पर्यटन विकास में उत्कृष्ट जिले को मिलेगा सम्मान

‘सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड’ के तहत ऐसे जिले को सम्मानित किया जाएगा, जिसने पर्यटन के विकास, प्रचार-प्रसार और गंतव्य प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया हो।

घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के प्रयासों के साथ पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, डस्टबिन की उपलब्धता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हरित उपाय और प्रकृति आधारित गतिविधियों को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है।

जिले में कृषि एवं ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति, मत्स्य पालन तथा पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे विशिष्ट अनुभव और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

पर्यटन स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मिलेगा मंच

पर्यटन क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार’ की शुरुआत की गई है।

इस श्रेणी में ऐसे स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने नए विचारों, तकनीक, सेवाओं अथवा व्यावसायिक मॉडलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया है।

इसका उद्देश्य पर्यटन को अधिक आकर्षक, सुविधाजनक, नवाचारी और प्रतिस्पर्धी बनाने वाले उद्यमियों को पहचान एवं प्रोत्साहन देना है।

रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र भी पुरस्कार की दौड़ में

‘CTB Star Performer’ की दो श्रेणियों में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की प्रीमियम एवं बजट श्रेणी की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट तथा पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और ऑक्यूपेंसी यानी अधिभोग प्रतिशत जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा।

वहीं पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन वर्षभर पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

इस श्रेणी के माध्यम से बेहतर सेवा, ग्राहक संतुष्टि, प्रभावी संचालन और पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

होमस्टे के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वालों को सम्मान

सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में घरेलू पर्यटन से अर्जित राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या और घरेलू पर्यटकों की संख्या जैसे मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।

इसके साथ ही पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली, दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाएं और होमस्टे की विशिष्ट अवधारणा भी मूल्यांकन का हिस्सा होगी।

स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर पैदा करने वाले होमस्टे संचालकों को विशेष महत्व दिया जाएगा।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी होंगे सम्मानित

डिजिटल माध्यमों की बढ़ती भूमिका को देखते हुए इस वर्ष पुरस्कार योजना में सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी भी शामिल है।

छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।

फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच, पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन तथा उपलब्ध होने पर कारोबार संबंधी विवरण को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थल, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन जैसे विषयों को प्रभावी डिजिटल कंटेंट के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने वाले क्रिएटर्स को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

इको-टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता

‘सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड’ के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इस श्रेणी के लिए परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है।

मूल्यांकन में नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा स्थानीय वनस्पति एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

खास तौर पर आदिवासी एवं ग्रामीण समुदायों को पर्यटन से जोड़कर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण तथा पर्यटन के बीच संतुलन स्थापित करने वाली परियोजनाओं को महत्व दिया जाएगा।

एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को भी मिलेगा सम्मान

छत्तीसगढ़ में कैंपिंग और अन्य साहसिक पर्यटन गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को ‘सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड’ प्रदान किया जाएगा।

इसके लिए गंतव्य प्रबंधन, घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल और गतिविधियों से प्राप्त राजस्व जैसे मानकों का मूल्यांकन किया जाएगा।

इसके अलावा पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण साहसिक अनुभव उपलब्ध कराने, नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने और छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक गंतव्यों को एडवेंचर टूरिज्म के लिए विकसित एवं प्रचारित करने वाले प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।

15 सितंबर तक भेज सकते हैं आवेदन

‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और संबंधित पर्यटन क्षेत्र के पात्र हितधारक अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से it@visitcg.in पर भेज सकते हैं।

आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.tourism.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।

अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से मोबाइल नंबर 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।

निर्धारित मानकों के आधार पर होगा चयन

प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

प्रत्येक श्रेणी में प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण संबंधित श्रेणी के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। आर्थिक प्रदर्शन के साथ-साथ स्वच्छता, सतत पर्यटन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के पर्यटन ब्रांड को मजबूत करने की पहल

‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देना है।

इस पुरस्कार योजना से होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, टूर ऑपरेटर, पर्यटन स्टार्टअप, जिले, पर्यटक सूचना केंद्र, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को अपने उत्कृष्ट कार्यों को सामने लाने का अवसर मिलेगा।

यह पहल छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वतंत्रता दिवस 80वां वर्षगांठ शुभकामना