रायपुर, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत दुर्ग संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं जिला मास्टर ट्रेनर्स के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन संगठनात्मक मजबूती, कांग्रेस की विचारधारा, कृषि नीति, संवैधानिक दायित्व, मीडिया प्रबंधन और सोशल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण एवं चर्चा हुई।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले, सह प्रभारी सचिव एस. सम्पत, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी, प्रतिमा चंद्राकर सहित दुर्ग संभाग के कांग्रेस पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर
दूसरे दिन के प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भूमिका को प्रभावी बनाने, संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच उठाने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स से संगठन को लेकर उनके अनुभव एवं सुझाव भी लिए गए। विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर संवाद के माध्यम से चर्चा करते हुए आगामी समय में संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की रणनीति पर मंथन किया गया।
कांग्रेस के इतिहास और विचारधारा पर राष्ट्रीय प्रशिक्षक ने दी जानकारी
प्रशिक्षण शिविर के दौरान राष्ट्रीय प्रशिक्षक नीरज सोनी ने कांग्रेस के इतिहास और उसकी विचारधारा पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आजादी की लड़ाई से लेकर देश के नवनिर्माण तक कांग्रेस संगठन और उसके नेताओं के योगदान को प्रशिक्षण का विषय बनाया।
उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक मूल्यों और राजनीतिक भूमिका को समझाते हुए कार्यकर्ताओं को इतिहास और विचारधारा के आधार पर संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने पर जोर दिया।
कृषि नीति और किसानों की स्थिति पर रविंद्र चौबे का सत्र
पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने कृषि नीति और किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल में किसानों की स्थिति, खाद संकट, खाद-बीज की कालाबाजारी तथा अमानक और गुणवत्ताहीन खाद-बीज से किसानों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर विस्तृत चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को संगठनात्मक एवं जनसरोकार के विषयों के रूप में समझने तथा किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने पर भी चर्चा हुई।
धर्म, राजनीति और धर्मनिरपेक्षता पर भूपेश बघेल ने रखे विचार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल ने वर्तमान राजनीति में धर्म, धर्मनिरपेक्षता, संवैधानिक मर्यादा और राजनीतिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने धर्म, राजनीति और धर्मनिरपेक्षता को लेकर सार्वजनिक जीवन में चलने वाले विभिन्न एजेंडा, भ्रम एवं मिथकों के बीच अंतर को स्पष्ट करने का प्रयास किया। साथ ही संवैधानिक मर्यादाओं और राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के रूप में पदाधिकारियों के दायित्वों को लेकर भी विस्तार से समझाया।
सामाजिक न्याय और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चर्चा
एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी ने सर्वोदय विकास, संविधान प्रारूप और कांग्रेस के विकास मॉडल पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सामाजिक न्याय और अंत्योदय के सिद्धांतों को विस्तार से परिभाषित करते हुए विकास की अवधारणा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर प्रशिक्षण
प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सार्वजनिक जीवन में मीडिया की भूमिका पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के लिए मीडिया से संबंध, मीडिया के साथ संवाद तथा छत्तीसगढ़ के ज्वलंत मुद्दों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर जानकारी दी।
वहीं मणि वैष्णव ने सोशल मीडिया वार, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, आवश्यक डिजिटल टूल्स और तकनीक के प्रभावी उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया। वर्तमान राजनीतिक दौर में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए संगठन के पदाधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के रणनीतिक उपयोग की जानकारी दी गई।
कनेक्ट सेंटर की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं कनेक्ट सेंटर के प्रभारी दीपक मिश्रा ने प्रशिक्षणार्थियों को कनेक्ट सेंटर के कार्यों और उसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया। संगठनात्मक स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान और कार्यकर्ताओं से संपर्क से जुड़े विषयों की जानकारी भी दी गई।
अंतिम सत्र में संगठन निर्माण और पदाधिकारियों के दायित्व पर चर्चा
द्वितीय दिवस के अंतिम प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन के महत्व, संगठन निर्माण की प्रक्रिया तथा विभिन्न पदाधिकारियों के दायित्वों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन युगल पांडे ने किया। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कल होगा तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
दुर्ग संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और जिला मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। 7 सितंबर को शिविर का अंतिम दिन होगा।
कांग्रेस के अनुसार संगठन सृजन अभियान के तहत बस्तर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले ही पूरा हो चुका है। दुर्ग संभाग के बाद अगले चरण में बिलासपुर, सरगुजा और रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, पदाधिकारियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना और कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा तथा समसामयिक जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना है।



📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



