आशीर्वाद के दीयों से जगमगाएगा बिलासपुर, शाम 7 बजे जिले में एक साथ जलेंगे 10 लाख दीप

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में पुलिस परेड ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, 1.25 लाख दीपों से रोशन होगा आयोजन स्थल

रायपुर/बिलासपुर, 16 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर जिलेभर में करीब 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे एक साथ दीप जलाकर सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड, बिलासपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पुलिस परेड ग्राउंड में लगभग 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी होगा दीप प्रज्वलन

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक भी पहुंचाया गया है। इन स्थलों को बड़ी संख्या में दीपों से रोशन किया जाएगा।

  • रतनपुर: 11,000 दीप
  • बेलपान: 1,100 दीप
  • ताला: 1,100 दीप
  • मल्हार: 11,000 दीप

इन प्रमुख स्थलों के अलावा जिले के विभिन्न हिस्सों में भी दीप प्रज्वलन की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

44 ग्राम पंचायतों में हर घर जलेगा दीप

अभियान की खास बात यह है कि जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यानी इन ग्राम पंचायतों में हर घर इस अभियान का हिस्सा बनेगा।

बिल्हा विकासखंड

जनपद पंचायत बिल्हा के अंतर्गत बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी में प्रत्येक घर में दीप जलाए जाएंगे।

कोटा विकासखंड

जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में भी शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

मस्तुरी विकासखंड

विकासखंड मस्तुरी के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर में प्रत्येक घर दीपों से रोशन होगा।

तखतपुर विकासखंड

जनपद पंचायत तखतपुर के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी हर घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इसके अलावा जिले के प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है।

सरकारी भवनों और संस्थानों में भी जलेंगे दीप

17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इस दौरान सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप जलाए जाएंगे।

इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं के हितग्राही शामिल हैं।

महिला स्वसहायता समूहों की भी रहेगी भागीदारी

कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए महिला स्वसहायता समूहों की दीदियां भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रमों में सहयोग करेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

बांध, बैराज और नहर शीर्ष भी होंगे रोशन

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को ‘जल जन सेवा संकल्प’ से भी जोड़ा गया है। इसके तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इस तरह 17 सितंबर की शाम बिलासपुर जिले में शहर से लेकर गांवों तक, धार्मिक स्थलों से लेकर सरकारी संस्थानों और जल संरचनाओं तक दीपों की रोशनी दिखाई देगी।

एक साथ जगमगाएगा पूरा जिला

करीब 10 लाख दीपों के सामूहिक प्रज्वलन के साथ बिलासपुर जिले में 17 सितंबर की शाम एक व्यापक जनभागीदारी वाला आयोजन देखने को मिलेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में 1.25 लाख दीपों के प्रज्वलन के साथ जिले के विभिन्न गांवों, धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक संस्थानों में होने वाला दीप प्रज्वलन अभियान को व्यापक स्वरूप देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वतंत्रता दिवस 80वां वर्षगांठ शुभकामना
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं
शुभकामना संदेश