भाजपा प्रदेश कार्यालय के ‘सहयोग केंद्र’ में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में संचालित ‘सहयोग केंद्र’ में सोमवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए।

सहयोग केंद्र में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान 150 से अधिक कार्यकर्ता एवं आवेदक प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे। लोगों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, प्रशासनिक मामलों और विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों को मंत्री के सामने रखा।

आत्मीयता से सुनीं समस्याएं

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सहयोग केंद्र में पहुंचे सभी आवेदकों से बारी-बारी से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की और जहां तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता थी, वहां मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कई मामलों में मंत्री ने अधिकारियों को प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, ऐसे मामले जो नीतिगत निर्णय या विभागीय प्रक्रिया से जुड़े थे, उनमें उन्होंने आवेदकों को नियमानुसार कार्रवाई और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य कर रहा सहयोग केंद्र

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं को सुना जाए और पात्र मामलों में समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यालय में संचालित सहयोग केंद्र का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच प्रभावी संवाद एवं समन्वय स्थापित करना भी है। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे सुशासन

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा सरकार का प्रयास है कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ सहयोग केंद्र में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से लिया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से भी अपेक्षा जताई कि जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों को राहत उपलब्ध कराई जाए।

प्रदेश कार्यालय पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज एवं सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सहयोग केंद्र में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

सोमवार को आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने यह दर्शाया कि सहयोग केंद्र कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वागत कार्यक्रम में सम्मान समारोह