लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुई विस्तृत समीक्षा
रायपुर, 06 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति, विभागीय कार्यों तथा आगामी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और अनावश्यक विलंब को दूर करें।
राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर
बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अविवादित खाता विभाजन, विवादित एवं अविवादित नामांतरण से संबंधित दर्ज प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों एवं किसानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने किसान पंजीयन एवं पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आरबीसी 6(4) के अंतर्गत लंबित सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने कहा गया। कलेक्टर ने सेवा सेतु शिविरों के प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक आवेदनों का मौके पर या निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने एग्रीस्टेक के अंतर्गत संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो। मैदानी अमला नियमित रूप से कार्य की प्रगति की निगरानी करे और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करे।
पीएम किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाओं की समीक्षा
समय-सीमा की बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लोक सेवा गारंटी, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम आवास योजना, किचन गार्डन, वाटर एटीएम तथा फार्मर आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनका तत्काल समाधान करने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा जर्जर भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अंतरविभागीय एनओसी से जुड़े लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ऐसे प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेवा ज्योति कलश यात्रा और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर डॉ. सिंह ने 07 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके अलावा जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले रंगोली सहित अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के सफल, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने कहा।
08 अक्टूबर के रोजगार मेले की तैयारियों पर विशेष फोकस
बैठक में 08 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं रोजगार से जुड़े अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए संबंधित विभाग सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी लक्षित वर्ग तक पहुंचाई जाए।
विभिन्न प्रोजेक्ट्स की भी हुई समीक्षा
समय-सीमा बैठक में जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने प्रोजेक्ट अहिगुंडिका, प्रोजेक्ट समस्या, प्रोजेक्ट निरामय और प्रोजेक्ट चक्र सहित अन्य योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं और परियोजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इनके क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा ‘सियान आशीष सेवा’ का लाभ
बैठक में ‘सियान आशीष सेवा’ निशुल्क बस पास योजना की भी समीक्षा की गई। यह योजना 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित की जा रही है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र वरिष्ठ नागरिक योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
अधिकारियों को समय-सीमा और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का नियमित फॉलोअप किया जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने विभागीय कार्यों में आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अंतरविभागीय मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गति और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए योजनाओं का वास्तविक लाभ नागरिकों तक पहुंचाने की अपेक्षा की।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
समय-सीमा की बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, डीएफओ श्री पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Bharat36National Desk | रायपुर






📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



