रायपुर में बदमाशों पर पुलिस की सख्ती: डीसीपी वेस्ट ज़ोन ने 41 निगरानी बदमाशों की लगाई क्लास, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

addtext 05 20 01.06.16

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पश्चिम ज़ोन पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। डीसीपी वेस्ट ज़ोन के निर्देश पर पश्चिम ज़ोन अंतर्गत आने वाले नौ थाना क्षेत्रों के निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को थानों में बुलाकर उनकी काउंसलिंग की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अपराध और गुंडागर्दी से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान के तहत कुल 41 निगरानी बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को थानों में बुलाकर स्पष्ट रूप से समझाया गया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, नशाखोरी, अवैध वसूली या क्षेत्र में अशांति फैलाने जैसी घटनाओं में उनकी संलिप्तता पाई गई, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम ज़ोन पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का माहौल बना रहे और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रहे।

काउंसलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को यह भी समझाया कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और किसी भी प्रकार के विवाद या गैरकानूनी गतिविधियों से दूरी बनाए रखें। पुलिस ने दो टूक कहा कि यदि चेतावनी के बावजूद अपराध की पुनरावृत्ति होती है, तो सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ जिलाबदर जैसी कार्रवाई भी प्रस्तावित की जा सकती है।

हिदायत देने के बाद सभी 41 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय विशेष सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय भेजा गया, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को आगामी दिनों में अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पश्चिम ज़ोन पुलिस का कहना है कि आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *