कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई तक लगेगा राष्ट्रीय आम महोत्सव, 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्मों का होगा प्रदर्शन

addtext 05 21 07.02.17

रायपुर, 20 मई 2026। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय भव्य राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देश और विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा ‘प्रकृति की ओर’ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में किया जाएगा।

राष्ट्रीय आम महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक, उद्यमी, कृषक, विद्यार्थी और आम प्रेमी हिस्सा लेंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण आम की दुर्लभ, पारंपरिक एवं विदेशी प्रजातियों की प्रदर्शनी होगी, जहां आम के फल, पौधे एवं आम से बने विभिन्न उत्पाद भी विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे।

आम की किस्मों और व्यंजनों की प्रतियोगिता होगी आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के दौरान आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी न्यूनतम 5 से 10 आम प्रति किस्म के साथ भाग ले सकेंगे। वहीं आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कम से कम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन कराना होगा।

इसके अलावा आम सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी, महिलाएं और आमजन भाग ले सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन एवं प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।

पहले दिन होगा पंजीयन, तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

महोत्सव के पहले दिन 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा। प्रदर्शनी आम लोगों के अवलोकन के लिए तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी।

किसानों और युवाओं को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन

30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादक किसानों एवं जिज्ञासुओं के लिए तकनीकी परिचर्चा और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, आम प्रसंस्करण, विपणन तथा राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

विशेषज्ञ यह भी बताएंगे कि आम उत्पादन को पर्यावरण संरक्षण के साथ एक लाभकारी एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यवसाय के रूप में कैसे विकसित किया जा सकता है, ताकि नई पीढ़ी कृषि और उद्यमिता की ओर आकर्षित हो सके।

सफल कृषकों की कहानियां भी सुनाई जाएंगी

महोत्सव के तीसरे दिन 31 मई को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सफल आम उत्पादक कृषकों एवं उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। आयोजन के अंतिम दिन प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

आम उत्पादन को रोजगार से जोड़ने की पहल

आयोजकों के अनुसार राष्ट्रीय आम महोत्सव का उद्देश्य राष्ट्रीय फल “आम” की विशेष एवं सामान्य किस्मों, उसके उत्पादों तथा आम उत्पादन की संभावनाओं से लोगों को परिचित कराना है। साथ ही किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं नव उद्यमियों को आम उत्पादन को रोजगार और व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय आम महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है, जिसे आमजन और कृषकों से व्यापक प्रतिसाद मिल रहा है।

1001979498

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *