नैनो यूरिया के उपयोग के लिए चलाएं विशेष अभियान, किसानों को करें प्रोत्साहित: कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

addtext 06 09 07.37.14

पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने अधिकारियों-कर्मचारियों से किया आग्रह, बारिश पूर्व विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

रायपुर, 09 जून 2026। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत सहित विभिन्न विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में किसानों के बीच नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरएईओ) नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें और किसानों को नैनो यूरिया के लाभों के बारे में जानकारी देकर इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें।

कलेक्टर ने कहा कि नैनो यूरिया आधुनिक कृषि पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिलता है तथा किसानों की लागत में भी कमी आती है। उन्होंने इसे जिले में जन-जागरूकता अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर योजना से जुड़ने का आह्वान

बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों से इस योजना का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बचत में सहायक है बल्कि आम नागरिकों को बिजली उत्पादक बनने का अवसर भी प्रदान करती है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं योजना से जुड़ने के साथ-साथ अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी इस योजना की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे लाभान्वित होने के लिए प्रेरित करें।

मानसून पूर्व बिजली व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी स्थिति में आम जनता को लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण एवं मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं ताकि जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जा सकता है।

महतारी वंदन योजना और कुपोषण मुक्त अभियान पर जोर

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।

साथ ही उन्होंने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा जमीनी स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

समय-सीमा बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat36National Desk

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक के माध्यम से कृषि नवाचार, ऊर्जा संरक्षण, स्वास्थ्य सुरक्षा और महिला-बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और परिणाममूलक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *