माय भारत अभियान को गति: रायपुर में जिला समन्वय समिति की पहली बैठक, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर

addtext 07 09 03.40.11

रायपुर, 8 जुलाई 2026 | भारत36नेशनल

युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस कॉन्फ्रेंस हॉल में माय भारत (MY Bharat) जिला समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

युवाओं को मिलेगा नेतृत्व और राष्ट्र सेवा का मंच

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का विशेष फोकस युवाओं पर है और माय भारत ऐसा मंच है, जहां युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूथ पार्लियामेंट जैसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्टेज फियर दूर करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने जिले के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने का आह्वान करते हुए कहा कि इसे केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बनाया जाना चाहिए।

1 जुलाई से 15 अगस्त तक विशेष पंजीयन अभियान

1002198280

माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माय भारत पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कर सकते हैं। कुछ विशेष श्रेणियों में अधिक आयु के पात्र अभ्यर्थियों को भी अवसर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा mybharat.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए 14472 और 1800-212-2729 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

स्वयंसेवा, कौशल विकास और सामाजिक अभियानों पर फोकस

बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामुदायिक विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन तथा विभिन्न जनहितकारी अभियानों से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों में बड़े स्तर पर पंजीयन अभियान चलाने और जिला स्तरीय विकासात्मक गतिविधियों में युवाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

शैक्षणिक संस्थानों ने लिया संकल्प

बैठक में मौजूद सभी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थानों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को माय भारत से जोड़ने और उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग शरतचंद्र शुक्ला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, संयुक्त संचालक समाज कल्याण विभाग अरविंद गेडाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भारत36नेशनल विश्लेषण

माय भारत अभियान का उद्देश्य केवल युवाओं का पंजीयन कराना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। यदि शैक्षणिक संस्थानों और प्रशासन के बीच यह समन्वय प्रभावी ढंग से लागू होता है, तो आने वाले समय में बड़ी संख्या में युवा सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों से जुड़कर जिले और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *