रायपुर, 19 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एस.सी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आबंटन कर दिया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया नवीन शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत संचालित की जा रही है। सीट आबंटन के बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण 20 से 22 अगस्त 2026 तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। दस्तावेज परीक्षण का समय प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।


20 से 23 अगस्त तक जमा करनी होगी ऑनलाइन फीस
आबंटित प्रोविजनल सीट को सुरक्षित करने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त 2026 के बीच ऑनलाइन फीस जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थी की आबंटित सीट सुरक्षित नहीं रह सकेगी।
काउंसलिंग समिति की अध्यक्ष एवं कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने बताया कि सीट आबंटन के बाद यदि कोई अभ्यर्थी किसी कारणवश अपनी सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है, लेकिन आगामी चरण की काउंसलिंग में शामिल होना चाहता है, तो उसे इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इसी प्रकार जिन अभ्यर्थियों को अब तक कोई सीट आबंटित नहीं हुई है, वे भी आगामी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
20 से 24 अगस्त तक स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए आवेदन
स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को 20 अगस्त से 24 अगस्त 2026 की रात्रि 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
वहीं, यदि किसी अभ्यर्थी ने आबंटित सीट सुरक्षित कर ली है, लेकिन अब वह अपनी सीट निरस्त कर आगे की किसी भी काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहता, तो उसे 20 से 24 अगस्त 2026 की रात्रि 11:30 बजे तक सीट निरस्त करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
25 अगस्त को जारी होगी सीटों की जानकारी
विश्वविद्यालय द्वारा 25 अगस्त 2026 को आबंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
31 अगस्त से 1 सितंबर तक स्पॉट काउंसलिंग
स्पॉट काउंसलिंग के तहत प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आबंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। इस प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल दस्तावेज परीक्षण तथा ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए कृषि महाविद्यालय, रायपुर में निर्धारित अवधि में उपस्थित होना होगा।
2 सितंबर को कन्वर्शन काउंसलिंग
कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय आबंटन के साथ दस्तावेज परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित की जाएगी। संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थी वेबसाइट से लें पूरी जानकारी
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि काउंसलिंग, सीट आबंटन, दस्तावेज परीक्षण, फीस जमा करने, सीट निरस्तीकरण तथा स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igkv.ac.in का नियमित रूप से अवलोकन करें।
प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना और निर्धारित तिथियों में बदलाव की जानकारी भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
— सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर

📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



