महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

पंडरीपानी में रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बहनों से किया आत्मीय संवाद, राखी बंधवाकर जताया स्नेह

फरसाबहार/जशपुर, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का भाव उस समय और गहरा हो गया, जब बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताओं और बहनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह, सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।

ग्राम पंडरीपानी में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र की महिलाओं से सीधे संवाद किया और उनकी बातों को सुना। कार्यक्रम में महिला सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक स्वावलंबन और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह बहनों के सम्मान, सुरक्षा और उनके सुखद भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को दोहराने का भी अवसर है। राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की प्रत्येक माता-बहन आत्मनिर्भर बने, उसे आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें और परिवार तथा समाज के निर्णयों में उसकी भूमिका और अधिक मजबूत हो।

महिलाओं का सशक्तिकरण ही प्रदेश की समृद्धि का आधार

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होती हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। परिवार की आर्थिक मजबूती से समाज और अंततः प्रदेश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में माताओं-बहनों का सम्मान, स्वावलंबन और बेहतर भविष्य है। महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने से लेकर आर्थिक सहायता और कौशल आधारित आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने तक सरकार लगातार कार्य कर रही है।

पंडरीपानी को करीब 64 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम पंडरीपानी में लगभग 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल रहा।

महतारी सदन को गांव की महिलाओं के लिए सामूहिक गतिविधियों, प्रशिक्षण, बैठकों और आजीविका संबंधी कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र बताया गया। यहां महिलाओं के लिए बैठक कक्ष, प्रशिक्षण की सुविधा, रसोईघर और शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों और महिला संगठनों को अपनी बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित करने के लिए सुविधाजनक और सम्मानजनक स्थान मिलेगा।

फरसाबहार और भेलवा में भी बनेगा महतारी सदन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन के निर्माण की घोषणा की। इससे इन क्षेत्रों की महिलाओं को भी सामुदायिक गतिविधियों, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और अन्य अधोसंरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीण परिवारों का जीवन आसान हो और विकास की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित की जा सके।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है। सितंबर माह की राशि अग्रिम रूप से जारी किए जाने से बहनों को त्योहार के अवसर पर आर्थिक राहत और अतिरिक्त सुविधा मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके कौशल को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा परिवार और समाज के विकास में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।

महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका विस्तार के लिए आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिला स्व-सहायता समूहों को उनकी आर्थिक एवं आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

मोंगरा स्व-सहायता समूह, भगोरा, वैष्णवी स्व-सहायता समूह, कंदईबहार और चांद स्व-सहायता समूह, कंदईबहार को 1.50-1.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। वहीं प्रतिज्ञा समूह, बड़ा बस्ती को 1 लाख रुपये की सहायता दी गई।

मुख्यमंत्री ने महिला समूहों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। आर्थिक सहायता से समूह अपने स्वरोजगार और आजीविका संबंधी कार्यों का विस्तार कर सकेंगे तथा स्थानीय स्तर पर आय के नए अवसर तैयार होंगे।

बेटियों के सुरक्षित भविष्य पर भी जोर

कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिका मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक प्रदान की गई।

इस अवसर पर बेटियों के सुरक्षित भविष्य और वित्तीय सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को मिले अधिकार अभिलेख

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को पट्टे भी वितरित किए। इनमें ग्राम बोखी की हरावती, ग्राम वानगांव की जगमनी, ग्राम कोनपारा की राजमनी, ग्राम भगोरा की लक्ष्मी और ग्राम तेलाइन की सुमित्रा शामिल हैं।

अधिकार अभिलेख मिलने से हितग्राहियों को अपनी संपत्ति के संबंध में दस्तावेजी सुरक्षा और अधिकार की औपचारिक पुष्टि प्राप्त हुई।

36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन

मुख्यमंत्री श्री साय ने सुशासन और तकनीक आधारित सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए आसानी से उपलब्ध बनाना है।

उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। इससे नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। वहीं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरलता से पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो, इसके लिए तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जा रहा है।

“पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के विष्णु भैया हैं मुख्यमंत्री”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने उपस्थित माताओं-बहनों का आत्मीय अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को शासन की प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जबकि महतारी सदन के माध्यम से गांवों में महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण और विभिन्न गतिविधियों के लिए सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्रीमती गोमती साय ने पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा शुरू होने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते के साथ-साथ महिला सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के संकल्प को भी रेखांकित करता नजर आया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वतंत्रता दिवस 80वां वर्षगांठ शुभकामना