सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ, जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित
रायगढ़, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ जिले में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ की गई। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से सजा ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश देता नजर आया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नागरिक, कार्यकर्ता, वरिष्ठजन, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक समूहों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर अनेक महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। विकास की दिशा में हुए इन बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आए परिवर्तन को भी रेखांकित किया।
श्री चौधरी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले बस्तर जैसे क्षेत्रों में सड़क और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी बड़ी चुनौती थीं। निरंतर प्रयासों और विकास कार्यों के चलते परिस्थितियों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को कभी असंभव माना जाता था, वे आज धरातल पर साकार हो रहे हैं।
सिंदूर पार्क में हजारों नागरिकों ने जलाए दीप
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सिंदूर पार्क ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसी स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए।
मुख्य कार्यक्रम में सिंदूर पार्क को हजारों दीपों से सजाया गया। दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन ने आयोजन को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। पूरे परिसर में रोशनी का मनमोहक दृश्य दिखाई दिया और बड़ी संख्या में नागरिक इस आयोजन के सहभागी बने।
श्री चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नागरिकों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों, प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित
‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव का प्रभाव केवल सिंदूर पार्क तक सीमित नहीं रहा। जनभागीदारी से पूरे जिले में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।
जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने-अपने घरों में भी दीप जलाकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कलाकारों और सहयोगियों का किया सम्मान
सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक स्वरूप देने में सहयोग करने वाले कलाकार श्री मनोज श्रीवास्तव एवं श्री सुजीत मोदी को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आयोजन में दीप प्रज्वलन के लिए सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन जनभागीदारी और सामूहिक सहयोग से ही सफल हो पाते हैं।
महापौर ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रायगढ़ महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगरवासियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आयोजन से जुड़े सहयोगियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।
महापौर ने कहा कि सभी के सहयोग और व्यापक जनभागीदारी के कारण सिंदूर पार्क में इतना भव्य आयोजन संभव हो सका।
एक माह तक चलेंगी सेवा और जनकल्याण की गतिविधियां
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी एक माह तक रायगढ़ जिले में विभिन्न स्तरों पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला, विकासखंड, ग्राम और वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और सेवा से जुड़ी विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए शासन की योजनाओं और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।
ये रहे प्रमुख उपस्थितजन
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
पांच लाख से अधिक दीपों ने दिया जनभागीदारी का संदेश
रायगढ़ में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव ने एक ओर जहां सिंदूर पार्क को हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा दिया, वहीं जिलेभर में पांच लाख से अधिक दीपों का प्रज्वलन व्यापक जनभागीदारी का प्रतीक बना। 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।







📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



