रायपुर में लूट के बाद भाग रहे तीन आरोपी घेराबंदी कर गिरफ्तार, 2 मोबाइल और पर्स बरामद

यातायात पुलिस की तत्परता से वारदात के बाद आरोपियों को दबोचा गया, फरार ऑटो चालक की तलाश जारी

रायपुर, 17 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान के दौरान यातायात पुलिस की तत्परता से लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक पर्स बरामद किया है। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना टिकरापारा के सुपुर्द किया गया है।

संतोषी नगर चौक के पास राहगीर से लूट

पुलिस के अनुसार, संतोषी नगर चौक के पास एक राहगीर से लूट की घटना हुई। बताया गया कि बिना नंबर के ऑटो में सवार चालक समेत कुछ व्यक्तियों ने राहगीर का पर्स और मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पीड़ित आदित्य राज द्वारा तत्काल रायपुरा चौक पर ड्यूटी में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को दी गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि लूट की वारदात के बाद आरोपी बिना नंबर के ऑटो से भाग रहे हैं।

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने शुरू किया पीछा

रायपुरा चौक पर ड्यूटी कर रहे ASI नारायण वर्मा तथा यातायात पुलिस के बल—आरक्षक 1890 विभूति सिंह मारकंडे, आरक्षक 463 आजाद सिंह, आरक्षक 2294 घनश्याम मंडल, आरक्षक 2247 भूपेंद्र वर्मा एवं सैनिक 438 शालिक राम साहू—ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जब कर्मचारियों ने संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए महादेव घाट की ओर भागने का प्रयास किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस ने बिना समय गंवाए पेट्रोलिंग वाहन से ऑटो का पीछा शुरू कर दिया।

वायरलेस से अन्य प्वाइंट्स को किया गया अलर्ट

ऑटो के भागने की सूचना वायरलेस के माध्यम से आगे तैनात यातायात पुलिसकर्मियों और पेट्रोलिंग टीम को दी गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने संभावित मार्गों पर तत्काल सतर्कता बढ़ाते हुए घेराबंदी की।

आगे तैनात यातायात बल प्रधान आरक्षक 691 आशुतोष नेताम, प्रधान आरक्षक टेकराम वर्मा और आरक्षक 2185 दिनेश पटेल सहित पेट्रोलिंग टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर भाग रहे ऑटो को रोक लिया।

तीन आरोपी पकड़े गए, लूट का सामान बरामद

पुलिस ने ऑटो में सवार लूट की वारदात में शामिल बताए गए तीन आरोपियों शंभु लाल, राकेश और लक्की को मौके पर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग व्यक्तियों से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक पर्स बरामद किए गए। पुलिस ने ऑटो वाहन को भी अपने कब्जे में लिया।

हालांकि, पुलिस के अनुसार ऑटो चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

थाना टिकरापारा में वैधानिक कार्रवाई

पकड़े गए तीनों आरोपियों, ऑटो वाहन और बरामद मशरूका को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना टिकरापारा के सुपुर्द किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध धारा 309(4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही फरार ऑटो चालक की पतासाजी जारी है।

पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना

लूट की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा करने, वायरलेस के जरिए अन्य टीमों को अलर्ट करने और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने में यातायात पुलिसकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की तत्परता और सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात के बाद फरार होने का प्रयास कर रहे आरोपियों को जल्द पकड़ लिया गया और कथित रूप से लूटे गए सामान की बरामदगी भी की गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वागत कार्यक्रम में सम्मान समारोह