रायपुर, 19 सितम्बर 2026। रायपुर संभाग में लंबित राजस्व प्रकरणों और भारतमाला परियोजना से जुड़े भू-अर्जन मामलों के शीघ्र निराकरण को लेकर संभागायुक्त श्री श्याम धावडे ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शनिवार को कार्यालय आयुक्त, रायपुर संभाग के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों से जुड़े राजस्व एवं भू-अर्जन प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में रायपुर संभाग के संबंधित जिलों के अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भू-अर्जन से संबंधित अधिकारी तथा भारतमाला परियोजना के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त ने अधिकारियों से लंबित मामलों की प्रकरणवार जानकारी लेते हुए उनकी वर्तमान स्थिति और निराकरण में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।


नामांतरण, खाता विभाजन और सीमांकन के मामलों की समीक्षा
बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा हुई। नामांतरण, खाता विभाजन, व्यपवर्तन और सीमांकन से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से इन मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन 1076 के आवेदनों की भी ली जानकारी
बैठक में सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त राजस्व संबंधी आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित और नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।
भारतमाला परियोजना के भू-अर्जन मामलों पर फोकस
समीक्षा बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय भारत-माला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरण रहा। संभागायुक्त ने इन मामलों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भू-अर्जन प्रकरणों से जुड़े मध्यस्थम् एवं सुलह अधिनियम, 1996 के अंतर्गत प्राप्त मामलों की भी समीक्षा की गई। इन प्रकरणों में संबंधित मूल अभिलेख एवं जवाबदावा की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली गई।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि भू-अर्जन से संबंधित सभी मूल अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण किया जाए और आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार समय पर पूरी की जाए, ताकि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा
बैठक के दौरान डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से सर्वे कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समयबद्ध कार्रवाई और बेहतर समन्वय के निर्देश
संभागायुक्त श्री श्याम धावडे ने अधिकारियों से कहा कि लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने प्रकरणवार समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन मामलों में लंबित कार्रवाई को गति देने, आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने कहा गया कि राजस्व प्रकरणों और भू-अर्जन मामलों की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए, ताकि लंबित मामलों की संख्या में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों का समय पर समाधान हो।

📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



