मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल देखी, आकाशगंगा और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया अदम्य साहस | 2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर का आसमान रविवार को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल ने उपस्थित दर्शकों को रोमांच और राष्ट्रीय गौरव से भर दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस भव्य आयोजन में शामिल हुए और वायु सेना के जांबाजों के साहसिक प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने उत्कृष्ट कौशल, सटीक नियंत्रण और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया। आसमान में हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, तिरंगे की मनमोहक छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मुख्यमंत्री साय ने की वायु वीरों के साहस और अनुशासन की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का परिचय दिया, वह प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने आसमान से उतरकर दिखाया अद्भुत साहस
हवाई प्रदर्शन का शुभारंभ भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया। ऊंचे आसमान से छलांग लगाते हुए टीम के जांबाजों ने अपने पैराशूट को कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया और निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
स्काईडाइवर्स ने हवा में संतुलन, दिशा और गति पर नियंत्रण का शानदार प्रदर्शन किया। सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस प्रस्तुति ने भारतीय वायु सेना के जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने की क्षमता का प्रभावशाली परिचय दिया।
गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन
आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का साहसिक प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरते जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और मिशन पूरा करने की दक्षता दिखाई।
कमांडोज ने सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर रेस्क्यू एवं कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया और इसके बाद मंच को सलामी दी।
उनकी सटीक कार्रवाई, अनुशासन और उत्कृष्ट तालमेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रदर्शन के माध्यम से वायु सेना के विशेष बलों की परिचालन क्षमता और कठिन परिस्थितियों में मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने की दक्षता सामने आई।
सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में रचा रोमांच
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज हवाई करतब प्रस्तुत किए।
हेलीकॉप्टरों की सटीक उड़ान, संतुलन और आपसी समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक आकर्षक फॉर्मेशन में उड़ान भरते नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में जाकर पुनः एक साथ निर्धारित संरचना में लौट आए।
प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों के बेहद करीब से एक-दूसरे को क्रॉस करने वाले रोमांचकारी ‘क्रॉसओवर’ करतब ने दर्शकों की सांसें थाम दीं। पायलटों की एकाग्रता, उड़ान पर नियंत्रण और आपसी तालमेल का यह अद्भुत दृश्य उपस्थित जनसमूह के लिए यादगार बन गया।
सारंग टीम ने विभिन्न आकर्षक फॉर्मेशनों और साहसिक मैनुवर के जरिए भारतीय वायु सेना की तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक उत्कृष्टता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिचय दिया।
कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने प्रदेशवासियों के प्रति विशेष स्नेह और सम्मान भी व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के जरिए प्रदेशवासियों का अभिवादन किया।
आसमान से गूंजे इस आत्मीय संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। राज्य स्थापना दिवस के उत्सव के बीच भारतीय वायु सेना के जांबाजों की यह पहल उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण रही।
तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ से गूंजा आसमान
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में हेलीकॉप्टरों के शानदार तालमेल और तिरंगे के रंगों की छटा ने पूरे वातावरण को राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना से भर दिया।
शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के साथ हवाई प्रदर्शन का भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सारंग टीम के प्रदर्शन को उत्साहपूर्वक देखा और पायलटों के उत्कृष्ट कौशल की सराहना की।
विश्वभर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है सारंग टीम
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपनी विशिष्ट पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रस्तुति के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। टीम अपने सुनियोजित हवाई करतबों, आकर्षक फॉर्मेशनों और अद्भुत उड़ान कौशल के माध्यम से भारतीय वायु सेना की दक्षता और अनुशासन का परिचय देती है।
सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर भारत की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।
2 नवंबर को सेंध लेक में होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद सोमवार, 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित होगा।
राज्योत्सव के अवसर पर होने वाला यह आयोजन प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के अद्भुत शौर्य, साहस और उड़ान कौशल को करीब से देखने का विशेष अवसर प्रदान करेगा। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की प्रस्तुतियां छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को और भव्य बनाएंगी।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, श्रीमती कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Bharat36National | छत्तीसगढ़ की खबरें, देश की नजर






📰 वर्ष 2022 से पत्रकारिता जगत में सक्रिय सोनू कुमार ने अपनी पहचान निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता से बनाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत समय घटति घटना दैनिक अख़बार से रायपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में की। वर्ष 2023 में रायपुर पत्रिका दैनिक से जुड़ने के बाद
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया VIP News मे छत्तीसगढ़ में ब्यूरो चीफ बनाए जाने पर विशेष पहचान मिली।
🎙️ प्रिंट मीडिया के साथ-साथ उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News 21,बुलंद छत्तीसगढ़ तथा आवाम दुत में ब्युरो प्रमुख Chhattisgarh के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं।
📺 वर्तमान में वे “Bharat 36 National” YouTube चैनल एवं 🌐 Bharat36National.com पोर्टल के संपादक के रूप में सक्रिय हैं।
✨ पहचान — बेबाक, तेज़ और सच को जनता तक पहुँचाने वाली पत्रकारिता।



